रीवा। रीवा के ईको पार्क में प्रवेश के नाम पर वर्षों से ली जा रही ₹100 की एंट्री फीस को लेकर बड़ा खुलासा सामने आया है। आरटीआई से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर दावा किया गया है कि पार्क संचालन अनुबंध की शर्त 15(C) के अनुसार किसी भी व्यक्ति से पार्क में प्रवेश के लिए शुल्क लेने का प्रावधान नहीं है। इसके बावजूद पार्क के उद्घाटन के दो दिन बाद से ही आम लोगों से ₹100 प्रति व्यक्ति की दर से प्रवेश शुल्क वसूला जा रहा था।
इस मामले को इंजीनियर अमित सिंह (आप) ने आरटीआई के माध्यम से उजागर किया। दस्तावेज़ में आरोप लगाया गया है कि 30 सितंबर 2023 से लेकर वर्तमान तक करोड़ों रुपये की अवैध वसूली की गई है। आवेदन में दिए गए आंकड़ों के अनुसार पार्क में सप्ताह के सामान्य दिनों में लगभग 600 लोग प्रतिदिन प्रवेश करते हैं, जिससे करीब ₹60 हजार प्रतिदिन की वसूली होती है। वहीं अवकाश और छुट्टी के दिनों में यह संख्या 1000 से 1500 लोगों तक पहुंच जाती है, जिससे ₹1 लाख से ₹1.5 लाख प्रतिदिन तक शुल्क वसूला जाता है।
दस्तावेज़ में अनुमान लगाया गया है कि इस आधार पर प्रतिमाह लगभग ₹23.2 लाख तथा अब तक कुल करीब ₹8.35 करोड़ रुपये की राशि प्रवेश शुल्क के रूप में वसूली जा चुकी है। आवेदन में इस पूरे मामले की जांच कर एफआईआर दर्ज करने तथा वसूली गई राशि की जांच की मांग भी की गई है।
इसी मुद्दे को लेकर आम आदमी प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा और रवि मिश्रा के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया गया। आंदोलन के बाद ईको पार्क प्रबंधन ने घोषणा की कि अब पार्क में प्रवेश के लिए किसी प्रकार की एंट्री फीस नहीं ली जाएगी।
प्रमोद शर्मा ने कहा कि यदि भविष्य में किसी भी व्यक्ति को पैसे के अभाव में पार्क में प्रवेश से रोका गया या दोबारा अवैध शुल्क वसूला गया, तो इसके खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक पार्क जनता की संपत्ति हैं और उन पर हर नागरिक का समान अधिकार है।
.
#ViralNewsUpdate #NewsUpdate #SocialJustice #Corruption #trending #viralnews #newsfeed #news


