
पिछले करीब डेढ़ महीने से गैस की किल्लत से जूझ रहे होटल, रेस्टोरेंट और हॉकर कॉर्नर्स पर अब कमर्शियल सिलेंडर की दोहरी मार पड़ गई है। पहले ही जरूरत की केवल 70 फीसदी गैस मिलने से वैकल्पिक इंतजाम करने पड़ रहे थे, अब एक झटके में 993 रुपए की बढ़ोतरी ने लागत का पूरा गणित बिगाड़ दिया है। रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि 2081 रुपए का सिलेंडर सीधे 3074 का हो गया। यानी ईंधन का खर्च सीधे डेढ़ गुना तक बढ़ गया है।
भोपाल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजकुलपाल सिंह पाली कहते हैं- पहले जहां गैस पर महीने का खर्च करीब 2 लाख रुपए था, अब यह बढ़कर सवा तीन लाख रुपए तक पहुंच जाएगा। ऐसे में मेन्यू के दाम 25 से 30% तक बढ़ाए बिना कारोबार चलाना मुश्किल है।
मनोहर डेयरी के संचालक मुरली हरवानी ने बताया कि हाल ही में गैस किल्लत के चलते कीमतों में पांच से सात फीसदी तक का इजाफा किया था। अब ईंधन महंगा होने से दोबारा रेट रिवाइज्ड करने पड़ेंगे। छोटू पर बड़ी मार, 14 किलो से सिर्फ ~91 कम: पांच किलो वाले सिलेंडर का रेट पहले 585 रुपए था। अब बढ़कर 827 हो गया है। पिछले दिनों किल्लत के बीच हर महीने 3 हजार छोटू रीफिल हो रहे हैं।
कैटरर्स बोले- जो ऑर्डर पहले से बुक, उनमें हमारा मुनाफा मारा गया
शादियों का खाना भी 50 रुपए प्लेट तक होगा महंगा
शादियों के सीजन के बीच कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें बढ़ने का असर कैटरर्स पर पड़ा है। 14 मई तक 10 मुहूर्त हैं। इनमें करीब 1181 शादियां होनी हैं। कैटर्स एसोसिएशन के रिंकू भटेजा बताते हैं कि इनकी बुकिंग पहले से हो गई थी। ऐसे में बढ़े दाम से हमें सीधे नुकसान होगा। एक शादी में कम से कम 10 सिलेंडर लगते हैं। यानी, सीधा-सीधा 10 हजार रुपए का नुकसान। बाद की जो बुकिंग आएंगी, उनके लिए प्रति प्लेट 50 रुपए तक कीमतें बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं।
हालांकि, जुलाई तक की शादियों की बुकिंग हो चुकी है। ऐसे में यह पूरा सीजन ही बर्बाद होगा। इस सीजन भोपाल सहित एमपी में करीब 20 हजार से ज्यादा शादियां होने का अनुमान है। मध्य प्रदेश टेंट कैटर्स एसोसिएशन के रामबाबू शर्मा ने बताया कि सिलेंडर के रेट बढ़ने से होटल और कैटर्स में 10 प्रतिशत तक कॉस्टिंग का फर्क पड़ेगा। 500 लोगों के 5 लाख रुपए के खाने का बजट अब 45 से 50 हजार रुपए तक बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि सिलेंडर पर 5 से 10 प्रतिशत तक बढ़ोतरी ठीक थी, लेकिन करीब 50 प्रतिशत बढ़ोतरी न्याय संगत नहीं है। सरकार को फैसला वापस लेना चाहिए।
1 अप्रैल 2025 से अब तक 16 बार बदले कमर्शियल सिलेंडर के रेट
14 बार रेट 1 तारीख को बदले, सबसे बड़ी बढ़ोतरी भी 1 मई को हुई
कमर्शियल गैस सिलेंडर के रेट 1 अप्रैल 2025 के बाद से हो रहे उतार चढ़ाव के रेट के एनालिसिस से पता चलता है कि अभी तक करीब 16 बार तेल कंपनियों ने रेट में बदलाव किया। इसमें से 14 बार रेट में किए गए बदलाव महीने की 1 तारीख को हुए। जबकि 2 बार बीच के महीने में बदलाव किए गए। एनालिसिस ये भी पता चलता है कि 16 बार हुए बदलाव में सिलेंडर के रेट 6 बार घटे। जबकि 8 बार इसमें बढ़ोतरी हुई।


