More
    Homeप्रदेशभोपाल में कर्ज से परेशान शेफ ने फांसी लगाई

    भोपाल में कर्ज से परेशान शेफ ने फांसी लगाई

    राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक शेफ का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना कलियासोत डेम के पास तेरा शटर क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की।

    मृतक की पहचान बृजधाम कॉलोनी, नीलबड़ निवासी रामश्रवण पटेल (37) के रूप में हुई, जो कोलार रोड स्थित एक बंगले में शेफ का काम करता था। मौके से उसकी बाइक और पैंट की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

    काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था

    परिजनों के मुताबिक रामश्रवण मंगलवार दोपहर घर से काम पर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। देर रात उसका शव कलियासोत डेम क्षेत्र में पेड़ से लटका मिला। सुसाइड नोट में लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।

    सूचना पर बुधवार सुबह पुलिस ने शव को फंदे से उतारा।
    सूचना पर बुधवार सुबह पुलिस ने शव को फंदे से उतारा।

    सुसाइड नोट में सूदखोर और रिकवरी एजेंट पर आरोप

    सुसाइड नोट में रामश्रवण ने लिखा कि मकान निर्माण के लिए उसने बृज पटेल नामक व्यक्ति से 3.70 लाख रुपए उधार लिए थे। उसका दावा था कि वह पूरी मूल रकम चुका चुका है, लेकिन इसके बाद भी उससे रोजाना 10 हजार रुपए ब्याज की मांग की जा रही थी।

    उसने यह भी लिखा कि एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट भी लगातार उस पर दबाव बना रहे थे। इसी मानसिक तनाव के कारण उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

    भाई बोला- गहने गिरवी रखकर भी कर्ज चुकाया

    मृतक के भाई अरुण पटेल ने बताया कि रामश्रवण ने कर्ज चुकाने के लिए परिवार के गहने तक गिरवी रख दिए थे। इसके बावजूद तकादेदार लगातार उसे परेशान कर रहे थे। परिवार के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से वह मानसिक रूप से बेहद तनाव में था।

    परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि तीन दिन पहले रामश्रवण को चुनाभट्टी थाने बुलाया गया था। वहां उसे घंटों बैठाकर कर्ज चुकाने का दबाव बनाया गया। हालांकि पुलिस ने इस आरोप से इनकार करते हुए कहा है कि ऐसी कोई जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है।

    शव के पास से एक सुसाइड नोट मिला है।
    शव के पास से एक सुसाइड नोट मिला है।

    चार दिन पहले भी की थी आत्महत्या की कोशिश

    रातीबड़ थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में कर्ज के कारण मानसिक तनाव की बात सामने आई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि चार दिन पहले भी रामश्रवण ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। उस समय उसकी जान बच गई थी।

    पुलिस कई पहलुओं की कर रही जांच

    पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अब सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग की जांच कराई जाएगी। इसके साथ ही मोबाइल कॉल डिटेल, वित्तीय लेन-देन और सुसाइड नोट में जिन लोगों के नाम लिखे गए हैं, उनसे पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कर्ज वसूली के नाम पर किसी तरह की अवैध वसूली या प्रताड़ना तो नहीं की गई।

    रातीबड़ थाना प्रभारी रास बिहारी शर्मा ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लगाए गए आरोपों की हर पहलू से जांच की जाएगी। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Must Read

    spot_imgspot_imgspot_imgspot_img