
पेयजल शिकायतों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई – कलेक्टर श्री मिश्रा
नागरिक पेयजल संबंधी समस्याएं दूरभाष क्रमांक 0755-2924467 पर दर्ज करा सकते हैं।
टीएल बैठक में पेयजल, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनमन अभियान और जल गंगा संवर्धन की समीक्षा
गर्मी के मौसम में नागरिकों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल संबंधी शिकायतों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा खराब हैंडपंपों एवं जल स्रोतों के सुधार कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने कहा कि आमजन को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने पेयजल व्यवस्था, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, पीएम जनमन एवं धरती आबा अभियान, आधार सत्यापन, जल गंगा संवर्धन अभियान तथा अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की।
बैठक में बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर सूखा राहत नियंत्रण कक्ष संचालित किया जा रहा है। नागरिक पेयजल संबंधी समस्याएं दूरभाष क्रमांक 0755-2924467 पर दर्ज करा सकते हैं। यह नियंत्रण कक्ष प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक दो पालियों में कार्यरत है।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी एसडीएम को विस्फोटक एवं पटाखा प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण कर मासिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने तथा अनधिकृत गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में पीएम जनमन एवं धरती आबा अभियान के अंतर्गत भानपुर केकड़िया ग्राम में आयोजित विशेष हितग्राही शिविरों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को जनजातीय समुदायों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने, मैदानी संपर्क बढ़ाने तथा स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा सेवाओं की पूर्ण संतृप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने लंबित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निराकरण में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ सूचना-पत्र जारी किए जाएंगे।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने 18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के आधार सत्यापन तथा 100 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति तथा पोर्टल पर नियमित अद्यतन जानकारी दर्ज करने पर बल दिया।
आगामी जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक के दृष्टिगत कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी विभागों को अपनी उपलब्धियों, चुनौतियों, भावी कार्ययोजनाओं एवं जिले से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों को व्यवस्थित रूप से तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग साप्ताहिक समीक्षा बैठकों में प्रगति प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें ताकि विकास कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में एडीएम, संयुक्त कलेक्टर, सभी एसडीएम, जिला पंचायत के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#Bhopal


