
‘’सफलता की कहानी’’
ग्राम ब्राह्मणगांव के अनिल कुमार दांगी बने सहायक प्राध्यापक
प्रदेश में प्राप्त किया द्वितीय स्थान
राजगढ़ 16 जून, 2026
ग्राम ब्राह्मणगांव के युवा अनिल कुमार दांगी ने शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट सफलता अर्जित की। अनिल कुमार दांगी ने हायर सेकेंडरी (12वीं) की शिक्षा एडवांस किड्स अकैडमी, जीरापुर से पूर्ण की। इसके पश्चात वर्ष 2021 में श्री जैन दीवाकर महाविद्यालय, इंदौर से गणित विषय में स्नातक तथा वर्ष 2023 में अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, इंदौर से भूगोल विषय में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की।
शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में भी सफलता प्राप्त की है। वर्ष 2023 में उन्होंने स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट उत्तीर्ण किया तथा वर्ष 2024 में यूजीसी-नेट जेआरएफ परीक्षा में सफलता अर्जित की। इसके अतिरिक्त उन्होंने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा 2021, 2022 एवं 2023 की लिखित परीक्षाएँ भी सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कीं। अनिल कुमार दांगी की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक प्राध्यापक (भूगोल) परीक्षा 2024 में प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त करना शामिल है। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका सहायक प्राध्यापक (भूगोल) पद पर अंतिम चयन हुआ है। यह उपलब्धि उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन, समर्पण एवं लक्ष्य के प्रति अटूट विश्वास का परिणाम है।
Jansampark Madhya Pradesh


