More
    Homeप्रदेशमध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती-2025 : 6520 अभ्यर्थियों का चयन इकाई आवंटन परिणाम...

    मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती-2025 : 6520 अभ्यर्थियों का चयन इकाई आवंटन परिणाम जारी

    पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश
    जनसंपर्क कक्ष
    समाचार

    मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती-2025 : 6520 अभ्यर्थियों का चयन
    इकाई आवंटन परिणाम जारी

    भोपाल, 30 अप्रैल 2026। माननीय मुख्यमंत्री जी की घोषणा के पालन में मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में अराजपत्रित तृतीय श्रेणी के रिक्त पदों पर भर्ती की कार्यवाही निरंतर प्रगति पर है। इसी क्रम में वर्ष 2023 में आरक्षक संवर्ग के 7411 पदों पर भर्ती प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण की जा चुकी है।
    वर्तमान में वर्ष 2025 में मध्यप्रदेश पुलिस में आरक्षक (जीडी) के 7500 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल, भोपाल के माध्यम से संपन्न कराई गई। इन पदों में जिलाबल एवं विशेष सशस्त्र बल (विसबल) के पद सम्मिलित हैं।
    माननीय न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 13 प्रतिशत पदों को रोके रखते हुए शेष 87 प्रतिशत पदों का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। घोषित परिणाम के अनुसार कुल 6520 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है, जिनमें 4450 पुरुष अभ्यर्थी तथा शासन की मंशा अनुरूप महिलाओं हेतु 35 प्रतिशत आरक्षण के अंतर्गत 2070 महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।
    मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा भर्ती प्रक्रियाओं में उन्हें पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
    मध्यप्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा-2025 का अंतिम परिणाम मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल, भोपाल द्वारा दिनांक 09 अप्रैल 2026 को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जा चुका है। चयनित अभ्यर्थियों के पदस्थापना हेतु इकाई आवंटन चयन/भर्ती शाखा, पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा किया गया है।
    इकाई आवंटन का परिणाम दिनांक 30 अप्रैल 2026 को मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल, भोपाल की वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है। चयनित अभ्यर्थी अपनी आवंटित इकाई में उपस्थित होने संबंधी आवश्यक निर्देश भी वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं।
    सभी संबंधित इकाइयों को नियुक्ति संबंधी कार्यवाही एक माह की निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
    मध्यप्रदेश पुलिस विभाग पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सक्षम, संवेदनशील एवं उत्तरदायी पुलिस बल के निर्माण हेतु प्रतिबद्ध है।

    क्रमांक-271 /26। राजेश दाहिमा

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    Must Read

    spot_imgspot_imgspot_imgspot_img