भोपाल के रातीबड़ इलाके में रहने वाले एक सरकारी स्कूल के प्यून ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल कर फांसी का फंदा दिखाया और जान देने की बात कही। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी को किया वीडियो कॉल
रातीबड़ थाना पुलिस के अनुसार, नीलबड़ के नाथू बरखेड़ा निवासी 32 वर्षीय भावेश पटेल, पिता जगदीश पटेल, घर के पास स्थित एक सरकारी स्कूल में प्यून के पद पर कार्यरत था। उसकी पत्नी पिछले तीन दिनों से इंदौर स्थित अपने मायके में थी।
गुरुवार देर रात भावेश ने पत्नी को वीडियो कॉल किया। कॉल के दौरान उसने फांसी का फंदा दिखाते हुए कहा कि वह आत्महत्या करने जा रहा है।
देवर को दी सूचना
पति की बात सुनकर घबराई पत्नी ने तुरंत अपने देवर को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन और आसपास के लोग भावेश के घर पहुंचे।
मौके पर पहुंचने पर घर का गेट अंदर से बंद मिला। काफी प्रयास के बाद दरवाजा खोला गया। अंदर भावेश फंदे पर लटका मिला। उसे नीचे उतारकर देखा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जांच में जुटी पुलिस
मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा पांच साल का बेटा और एक साल की बेटी है। दोनों बच्चे अपनी मां के साथ इंदौर में नानी के घर गए हुए थे। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


