
भोपाल। “देहदान से बढ़कर कोई दान नहीं” इस प्रेरक संदेश के साथ भोपाल महानगर में जनसंवेदना कल्याण समिति द्वारा चलाया जा रहा देहदान संकल्प अभियान लगातार लोगों को जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहा है। इसी श्रृंखला में शक्ति नगर निवासी 86 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षिका को यह समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया पर प्रसारित जानकारी के माध्यम से ज्ञात हुआ। संदेश से प्रेरित होकर उन्होंने स्वयं संस्था को घर बुलाया और देहदान का संकल्प पत्र भरकर अपना अमूल्य योगदान दिया।
बताया जाता है कि शिक्षिका के पति श्री आर.एन. तिवारी का जनवरी 2025 में निधन हो गया था। जीवन के उत्तरार्ध में समाजहित के इस महत्वपूर्ण कार्य से जुड़कर उन्होंने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
जनसंवेदना द्वारा यह देहदान प्रेरणा अभियान निरंतर जारी रहेगा। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष एवं समाजसेवी राधेश्याम अग्रवाल ने बताया कि जो भी नागरिक देहदान का संकल्प लेना चाहते हैं, वे 98260 13975 अथवा 0755-2576007 पर संपर्क कर सकते हैं।
संस्था के स्वयंसेवक इच्छुक व्यक्तियों के घर पहुंचकर संकल्प पत्र भरवाने में सहयोग करेंगे और दाता का प्रमाणपत्र भी उनके निवास पर ही सौंपा जाएगा। जल्द ही दानदाता का फोटो भी जारी किया जाएगा।
जनसंवेदना कल्याण समिति का यह अभियान न केवल समाज को जागरूक कर रहा है बल्कि चिकित्सा शिक्षा और मानव सेवा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।


